मीरापुर में दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर बीआईटी चेकपोस्ट के निकट शिवपुरी के जंगल में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को दबोचा। तीनों बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक बदमाश मौके से भाग निकला।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटी गई एक स्विफ्ट कार और तीन तमंचे एवं कारतूस बरामद किए। घायल बदमाशों को सीएचसी जानसठ उपचार के लिए भेजा गया। मुठभेड़ की सूचना पर सीओ जानसठ एसकेएस प्रताप ने भी मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ की जानकारी ली।
मीरापुर इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि एक कार में सवार चार बदमाश थाना क्षेत्र में हाईवे पर कोई बड़ी वारदात करने आ रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर बीआईटी चेकपोस्ट पर वाहनों की चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान मीरापुर की ओर से आती एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार संदिग्ध युवकों ने पुलिस को देखकर पुलिस पर फायर किया और कार वापस मोड़ ली। ये बदमाश हाईवे से अपनी कार को शिवपुरी के जंगल में ले गए। इसी दौरान पुलिस की जीप भी बदमाशों की कार का पीछा करते हुए जंगल में पहुंच गई।
जंगल में सुनील वर्मा के कृषि फार्म के निकट पुलिस तथा बदमाशों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में कार से निकल कर भाग रहे तीन बदमाश घायल हो गए। पुलिस की गोली से घायल बदमाश सुनील पुत्र ओम प्रकाश शर्मा रुड़की चुंगी एकता विहार थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर, जय कुमार पुत्र भंवर सिंह निवासी गांव भनेड़ा थाना कांधला और अभिषेक पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव कासमपुर खेड़ी थाना रमाला जनपद बागपत बताए गए हैं।
चौथा बदमाश किसी तरह पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग निकला। तीनों बदमाशों से तीन देशी तमंचे व भारी मात्र में कारतूस बरामद किए गए। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह के साथ एसएसआई जितेंद्र यादव, बीआईटी इंचार्ज नीरज सिंह व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
मुठभेड़ की जानकारी मिलने पर सीओ जानसठ एसकेएस प्रताप भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम को बधाई दी। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार बरामद की, जो 7 जनवरी को सरधना क्षेत्र से लूटी गई थी। घायल बदमाशों पर लूट, हत्या, अपहरण, मारपीट आदि के मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज बताए गए हैं। सभी का आपराधिक इतिहास एकत्र किया जा रहा है।
मुठभेड़ में उमर को दबोचा
शाहपुर (मुजफ्फरनगर )। हरसौली पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान गाजियाबाद से हत्या, लूट में फरार चल रहे बदमाश को पुलिस ने चोरी की बाइक समेत मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक तमंचा व एक कारतूस बरामद किया है।
थाना प्रभारी बीपी सिंह यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि गाजियाबाद में हत्या व लूट आदि घटनाओं के अंजाम देने वाला बदमाश हरसौली की ओर जा रहा है। इसके बाद हरसौली चौकी के प्रभारी अनित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर हरसौली चौकी पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इसी बीच एक बाइक सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। वह भागने का प्रयास करने लगा और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर दबोचे गए बदमाश के कब्जे से एक चोरी की बाइक, एक तमंचा व कारतूस बरामद किया। इस दौरान बदमाश ने अपना नाम उमर निवासी गांव हरसौली बताया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बदमाश को जेल भेज दिया।