आईपीएल मैचों पर सट्टे का धंधा व्हाट्सएप पर चलता पाया गया। पुलिस ने एक युवती समेत तीन बुकी को गिरफ्तार किया है। बीते दो दिनों में पुलिस अभी तक चार बुकी पर शिकंजा कस चुकी है। शहर में बड़े पैमाने पर क्रिकेट मैचों में सट्टा का अवैध कारोबार फैला है।
क्रिकेट मैच में सट्टे का नया खुलासा नई मंडी कोतवाली पुलिस ने किया है। व्हाट्सएप पर आईपीएल मैचों की हारजीत पर दांव लगाया जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली तो नई मंडी के रेलवे रोड पर छापे की कार्रवाई की गई। एसपी सिटी ओमवीर सिंह के मुताबिक क्राइम ब्रांच और नई मंडी पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवती समेत तीन बुकी गिरफ्तार किए हैं।
पकड़े गए आरोपियों में शहजादी गांव सुजडू, सचिन अहलावत साउथ सिविल लाइन, सचिन निवासी गऊशाला को क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाते हुए पकड़ा गया है। इसके पास से पांच मोबाइल फोन, 1280 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया। इससे पहले बृहस्पतिवार को भी सिविल लाइन पुलिस ने सरकुलर रोड पर छापा मार कर कृष्णापुरी निवासी अजय उर्फ अज्जू को गिरफ्तार किया था। उसका साथी महेश अभी भी फरार है।