नयागांव निजामपुर में दो पक्षों के बीच कुर्सी पर बैठने को लेकर हुए विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच गोलियां चलीं, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
थाना ककरौली के गांव नयागांव निजामपुर में रविवार को आधार कार्ड बनाने के लिए कैंप लगा हुआ था। इस दौरान खालिद व दूसरा पक्ष शमशाद कैंप में आधार कार्ड बनवाने के लिए गए थे। कैंप में कुर्सी पर बैठने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने के बाद गाली गलौज हो गई।
उस वक्त तो मामला शांत करा दिया गया। शाम को फिर से दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी व डंडे चल गए। इतना ही नहीं दोनों पक्षों ने तमंचों से गोलियां चलानी शुरू कर दी।
गोली लगने से दोनों पक्षों से खालिद, तंजीम, जाहिद, खलील व दूसरे पक्ष से शमशाद, जुल्लू व अय्यूब घायल हो गए। गोली चलने की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और समझा बुझाकर मामला शांत कराया। घायलों को मोरना अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस घटना की अभी तक थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।