थानाभवन क्षेत्र के गांव में ससुराल में गए ज्ञानामाजरा राजपूतान के युवक की हत्या का आरोप लगाया गया है। उसके पिता ने ससुर सहित चार लोगों के विरुद्ध दी तहरीर में बेटे की जहर देकर हत्या करने और शव को उसके गांव में फेंकने का आरोप लगाया है। युवक का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी ससुर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव ज्ञानामाजरा राजपूतान निवासी अंकित (25) पुत्र मिथू की शादी थानाभवन के गांव गौंसगढ़ में करीब डेढ़ साल पहले आरती से हुई थी। मगर, वैवाहिक रिश्तों में चल रह मतभेद के कारण आरती करीब छह महीने अपने मायके चली गई थी। अंकित बुधवार की शाम पत्नी को लेने ससुराल गया था।
मगर, दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद युवक ससुराल में नहीं रुका और रात को उसी गांव में अपनी बुआ की लड़की के यहां रहा। आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे अंकित के शव को कुछ लोग एंबुलेंस में उसके घर पर फेंक कर चले गए। युवक को मृत देखकर परिजनों आक्रोशित हो गए।
परिजनों ने डायल 100 पुलिस को घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी और बिरालसी चौकी प्रभारी बचन सिंह अत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पिता मिथू ने तहरीर में अंकित के ससुर और उसके रिश्तेदार सहित चार के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर चरथावल पुलिस को दी है। एसओ ने बताया कि युवक की मौत का घटनास्थल थानाभवन क्षेत्र का है, मुकदमा वहीं लिखा जाएगा। चरथावल थाने में पर मृतक के पिता से सूचना के रूप में तहरीर ली गई है। साथ ही गांव पहुंचे उसके ससुर को भी हिरासत में ले लिया गया है।
पत्नी को लाना चाहता था अंकित
चरथावल। अंकित मध्यप्रदेश में कोल्हू पर मजदूरी का कार्य करता था। करीब 15 दिन पहले आया तो उसने प्रधान कंवरपाल से पत्नी से विवाद की चर्चा की और उन्हें साथ ले जाकर लाने की बात कही थी। मगर, उस दौरान किसी कारण से वह ससुराल नहीं गया।
बुधवार की शाम को वह ससुराल गया। उसकी पत्नी से चलने को कहा, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर काफी विवाद हुआ। प्रधान ने बताया कि वह रात में अपनी बुआ की बेटी के गौंसगढ़ में रुका। बृहस्पतिवार को उसकी मौत कैसे हुई? यह पुलिस तफ्तीश का विषय है।
बहनों ने भाई के ससुर पर लगाए आरोप
चरथावल। अंकित की माता का मृत्यु करीब 12 साल पहले हो गई थी। पहली जून को चचेरी बहन की शादी तय होने के कारण घर में तैयारियां चल रही थी। उसकी शादीशुदा बहनें भी आई हुई थी।
गम और गुस्से में बहनों ने थाने पहुंचकर भाई के ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। प्रधान ने उन्हें समझाबुझाकर घर वापस भेजा। पिता भी मजदूरी पेशा है। जवान भाई की मौत पर बहनें मोनिका और रेणू का बुरा हाल था।