मवाना से ई-रिक्शा को लूटकर भागने वाले दो बदमाशों को मीरापुर में भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में दोनों बदमाशों और लूटी ई-रिक्शा को मवाना पुलिस साथ ले गई। मवाना के मोहल्ला तिहाई निवासी यासीन पुत्र शरफुदीन ई-रिक्शा चलाता है।
शुक्रवार दोपहर दो बजे मुजफ्फरनगर के मिमलाना रोड निवासी दानिश पुत्र इमरान एवं जान मौहम्मद पुत्र मंगता, यासीन के पास पहुंचे और उससे बहसूमा तक के लिए उसकी ई-रिक्शा किराए पर तय कर ली। दोनों रिक्शा में बैठकर बहसूमा की ओर चल दिए। रास्ते में रहमापुर के पास रिक्शा चालक यासीन को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और हाईवे के किनारे फेंककर ई-रिक्शा लूटकर मीरापुर की ओर भाग निकले। किसी तरह यासीन को होश आया तो उसने अपने भतीजे नईम को फोन द्वारा घटना की जानकारी दी।
नईम ने मीरापुर क्षेत्र के गांव भूम्मा में अपने संबंधियों को लूट की सूचना दी। भूम्मा निवासियों ने मीरापुर बाईपास पर घेराबंदी कर ई-रिक्शा समेत दोनों बदमाशों को दबोच लिया। जानकारी मिलने पर मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों बदमाशों की धुनाई भी की और पुलिस को सौंप दिया। मीरापुर पुलिस की सूचना पर मवाना पुलिस दोनों बदमाशों व लूटी गयी ई-रिक्शा को अपने साथ मवाना ले गई।