खतौली। जीटी रोड पर शीरे के टैंकर से कुचलकर साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव को जीप में डालकर ले गई। पुलिस की इस कार्रवाई से गुस्साई भीड़ ने टैंकर में तोड़फोड़ की और जाम लगा दिया। भीड़ ने रोडवेज बस को रोकने का प्रयास किया तो पुलिस ने लाठियां भांजकर लोगों को तितर-बितर किया। इस दौरान लोगों की पुलिस के साथ काफी नोकझोंक हुई। भीड़ शव को मौके पर मंगवाने की मांग पर अड़ गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम डा. वैभव शर्मा व सीओ डीके मित्तल ने पीड़ित परिवार को शासन से दस लाख रुपये मुआवजा दिलाने तथा प्रशासन की ओर से तीस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला।
मोहल्ला सराफान गैस गोदाम निवासी रियाजूद्दीन का पुत्र इमरान (14) सोमवार की शाम करीब 5.30 बजे साइकिल से घर जा रहा था। जीटी रोड पर इंद्रामूर्ति के पास मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे शीरे के भरे टैंकर के नीचे कुचले जाने से इमरान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस आनन फानन में शव को जीप डालकर बेगरजपुर अस्पताल में ले गई। हादसे की सूचना पर घटनास्थल पर सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। पुलिस द्वारा शव उठाकर ले जाने को लेकर लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। भीड़ ने टैंकर में तोड़फोड़ कर दी। भीड़ ने घटनास्थल पर शव मंगवाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम, तहसीलदार सतीश कुशवाहा, सीओ, इंस्पेक्टर सुनील कुमार त्यागी ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से दस लाख की मुआवजा धनराशि लिखकर भेजने तथा शीघ्र ही तीस हजार की धनराशि देने का आश्वासन देने पर लोगों ने जाम खोला। इस दौरान करी दो घंटे तक जीटी रोड पर जाम लगा रहा। पुलिस ने टैंकर व परिचालक को कब्जे में ले लिया है। उधर, जीटी रोड पर हादसे में मारे गए बालक इमरान की मौत पर गुस्साए लोगों द्वारा जाम लगाने की सूचना पर एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।