बुढ़ाना के एक व्यक्ति ने फिल्म अभिनेता सलमान खान और उनकी फिल्म सुल्तान के निर्देशक अली अब्बास जफर के खिलाफ कोर्ट में निजी वाद दायर किया है। आरोप लगाया है कि दोनों ने हरियाणा के जिला रेवाड़ी की शूटिंग जिले के मोरना क्षेत्र को रेवाड़ी दर्शाकर की है। ऐसा करके दोनों ने उत्तर प्रदेश की छवि को धूमिल किया है और सम्मान को भी आघात पहुंचाया है। मंगलवार को निजी वाद पर बहस के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम ने वाद स्वीकार करने पर अपना निर्णय सुरक्षित रखा है।
यशराज बैनर की ओर से बन रही फिल्म सुल्तान की शूटिंग हाल ही में जिले के मोरना क्षेत्र में हुई है। फिल्म के अभिनेता सलमान खान ने फिल्म के कई दृश्यों की यहां शूटिंग की। बजरंगी भाईजान तीन दिन 19 से 21 अप्रैल तक मोरना क्षेत्र के बिहारगढ़ स्थित फार्म हाउस पर रहे। इस दौरान सलमान खान पर जल निगम कार्यालय पर अर्जी लेकर आने, स्कूटर से आते हुए स्कूली बच्चों को बैठाकर ले जाने आदि सीन फिल्माए गए।
फिल्म के डायरेक्टर अली अब्बास जफर ने मोरना ब्लॉक को हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बरौली ग्राम का जल निगम का दफ्तर बनाकर शूटिंग की। शूटिंग के लिए सल्लू मियां के जिले में आने के कारण तीन दिनों तक पुलिस प्रशासन सुरक्षा में मुस्तैद रहा। सलमान खान की सुल्तान फिल्म की शूटिंग का यह मामला अब कोर्ट पहुंच गया है।
बुढ़ाना के मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी एहतशाम सिद्दीकी ने अभिनेता सलमान खान और फिल्म सुल्तान के डायरेक्टर अली अब्बास जफर से नाराज हैं। उन्होंने दोनों के खिलाफ कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है। सिद्दीकी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम की कोर्ट में दोनों के खिलाफ निजी वाद दायर किया है, जिसमें सिददीकी ने कहा कि मोरना क्षेत्र में सुल्तान की फिल्म की शूटिंग की गई, मगर उसे हरियाणा के रेवाडी जिले का गांव बरौली बताया गया है।
शूटिंग में प्रशासनिक सेवा का उपयोग हुआ है। दोनों ने हमारे राज्य और क्षेत्र का उपयोग कर राज्य की छवि को धूमिल किया है और सम्मान को आघात पहुंचाया है। जिससे वे और जनपदवासी नाराज हैं। मंगलवार को कोर्ट में इस निजी वाद पर बहस हुई। वाद स्वीकार योग्य है या नहीं, इस पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम ने अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया है।