फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहाना टोल प्लाजा पर हमला

Sun, 02 Jun 2019 12:09 AM IST
Deepak Sharma मुजफ्फरनगर/अमर उजाला/ब्यूरो
विज्ञापन
crime - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
रोहाना (मुजफ्फरनगर)। राज्य प्राधिकरण स्टेट हाईवे के रोहाना टोल प्लाजा पर शनिवार दोपहर पांच कारों में सवार होकर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे आरोपियों ने हमला कर कैश केबिन व टोल बूथ में जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने टोल कर्मी के साथ मारपीट कर उसे घायल भी कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
विज्ञापन


मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर रोहाना में स्थित टोल प्लाजा पर शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पांच कार देवबंद की तरफ से आकर रुकीं। कारें रुकते ही उनमें से 20-25 लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर उतरे और सीधे टोल पर पहुंचकर कैश केबिन और टोल बूथ पर हमला कर शीशे आदि तोड़ डाले। तोड़फोड़ से टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
टोल प्लाजा के बूथ नंबर-दो पर तैनात कर्मचारी धर्मेंद्र सिंह ने हमलावरों का विरोध किया, तो उसके साथ केबिन में ही जमकर मारपीट की गई। टोल के बैरियर भी तोड़ डाले गए। वारदात के चलते करीब दस मिनट तक टोल प्लाजा फ्री रहा, जिससे दोनों तरफ के वाहन बिना टोल दिए ही निकलते रहे। टोल प्लाजा पर हमले की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रोहाना चौकी इंचार्ज एसआई मनोज शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही हमलावर गाड़ियों में बैठकर वहां से फरार हो गए, जिनकी पुलिस टीम ने मोबाइल से वीडियो क्लिप बना ली। टोल प्लाजा के मैनेजर मंगन सिंह ने हमले में टोल को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान होने की बात कही है। वहीं, मामले में देवबंद हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रशासनिक अधिकारी विकास कुमार ने पांच गाड़ियों में आए 20-25 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन



वाहनों को टोल-फ्री कराने को लेकर बना रहे थे दबाव
मुजफ्फरनगर। टोल प्लाजा के प्रशासनिक अधिकारी विकास कुमार ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि हमलावर देवबंद क्षेत्र के गांव बास्तम व घलौली के रहने वाले थे, जिनकी कुछ गाड़ियां पूर्व में टोल पर बिना शुल्क दिए ही निकलती थीं। उक्त गाड़ियों की फ्री एंट्री कुछ समय पूर्व बंद कर दी गई थी, जिसके चलते हमलावरों द्वारा टोल अधिकारियों को फिर से गाड़ियां फ्री निकालने का दबाव बनाया जा रहा था। इस संबंध में शुक्रवार को भी हमलावरों की तरफ से फोन कर गाड़ियां फ्री निकालने अन्यथा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। हालांकि इसे केवल शरारत मानते हुए पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।


करीब एक साल पूर्व भी हुआ था हमला
मुजफ्फरनगर। रोहाना टोल प्लाजा पर करीब एक साल पूर्व भी कुछ लोगों ने हमला किया था। इसमें देवबंद क्षेत्र के गांव निवासी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामला तूल पकड़ने पर सांसद डॉ संजीव बालियान की पहल पर प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठकर मुकदमे में समझौता करा दिया गया था।


इंस्पेक्टर शहर कोतवाली अनिल कपरवान ने बताया कि टोल प्लाजा के प्रशासनिक अधिकारी ने पांच गाड़ियों में सवार 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, उनकी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें