भौराकलां के एक गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पंचायत ने पांच जूते मारने की सजा देकर मामले को रफा दफा कर दिया। पंचायत के निर्णय के आगे पीड़ित पक्ष कुछ नहीं कर सका। पुलिस ने दुष्कर्म की सूचना मिलने की बात स्वीकार किया, मगर पंचायत में सजा दिए जाने से अनभिज्ञता जताई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण अपने परिजनों के साथ रविवार दुपहर जंगल में गया था। घर पर उसकी 12 साल की बेटी अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी दो बच्चे के पिता ने घर में घुस कर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। शाम को परिजन लौटे तो किशोरी ने इसकी जानकारी दी। परिजनों ने आरोपी पक्ष से इस बाबत कहा तो उन्हें धमकी देकर चुप करा दिया। इतना ही नहीं पीड़ित पक्ष को थाने तक नहीं जाने दिया गया।
दोनों पक्ष एक ही समुदाय के होने के कारण कुछ ग्रामीणों ने इस बात को दबाने का निर्णय लिया। सोमवार शाम सात बजे गांव में पंचायत बुलाई गई। जिसमें आरोपी को बुलाया गया। पंचायत ने दुष्कर्मी को पांच जूते मारने की सजा देकर मामले को रफा दफा कर दिया। इस संबंध में भौराकलां थाने के कार्यवाहक एसओ योगेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि गत दिवस दुष्कर्म की सूचना मिलने पर पुलिस गांव गई थी, मगर पीड़ित पक्ष सामने नहीं आया तथा न ही किसी ने तहरीर दी। पंचायत होने की उन्हें जानकारी नहीं है।
डॉक्टर ने की महिला मरीज से अश्लील हरकत
मीरापुर के मोहल्ला कमलियान में एक डाक्टर पर एक गांव की बुखार से पीडित महिला ने उपचार के दौरान अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पीडिता के पति ने डाक्टर की हरकत का विरोध किया तो आरोपी डाक्टर ने मारपीट कर महिला के पति की नाक तोड दी। पुलिस ने घायल पति को उपचार के लिये जानसठ भर्ती कराया है।
रामराज थाना क्षेत्र के गांव हाशिमपुर निवासी बुखार से पीडित एक महिला अपने पति के साथ उपचार के लिये मीरापुर के मोहल्ला कमलियान में प्रैक्टिस कर रहे एक चिकित्सक के पास आयी थी। आरोप है कि दोपहर बाद करीब 4 बजे कथित डाक्टर ने महिला का रक्त टेस्ट कराने के लिये सैंपल लिया, इसके बाद डाक्टर ने महिला से इंजेक्शन लगाने के नाम पर अश्लील हरकत की। महिला ने विरोध किया और अपने पति को जानकारी दी।
पति द्वारा डाक्टर की अभद्रता के विरोध पर कथित क्लीनिक पर शोर शराबा शुरू हो गया। आरोप है कि डाक्टर व उसके समर्थकोँ ने महिला के पति पर हमला कर उसकी नाक तोड़ दी। नाक में से तेजी से खून बहने लगा और घायल अपनी पत्नी को लेकर थाने पहुंचा। एसओ चन्द्रकिरण यादव ने घटना की जानकारी लेने के बाद घायल को उपचार के लिये जानसठ अस्पताल भर्ती कराया। पीड़िता ने आरोपी डाक्टर के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।