महिला की आत्मदाह की चेतावनी से शहर कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। तीन माह से जहां आरोपी पकडे़ नहीं जा रहे थे, वहीं अब पुलिस ने एक ही दिन में तीन लोगों को पकड़ लिए और चालान कर दिया।
शहर कोतवाली के लद्दावाला निवासी महिला ने ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और कुकर्म की धारा में 20 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तीन माह बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही थी। उधर, रिपोर्ट में नामजद लोगों ने पीड़िता और उसके परिजनों को धमकाना शुरू कर दिया। अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध पीड़िता ने शनिवार को पुलिस ऑफिस पर आत्मदाह करने की धमकी दी थी।
बैकफुट पर आए अधिकारियों ने शनिवार सुबह से ही ऑफिस पर भारी संख्या में महिला पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया था। शनिवार को ही सीओ सिटी डॉक्टर तेजवीर सिंह ने पीड़िता के घर जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। तीन माह से गिरफ्तारी नहीं करने वाली पुलिस ने देर रात मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने परवेज, शाहआलम पुत्रगण नासिर, लियाकत पुत्र मकसूद निवासीगण लद्दावाला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को तीनों का चालान कर दिया।