क्राइम ब्रांच टीम और खतौली पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच पड़ताल में हरियाणा के जिला सोनीपत निवासी तीनों युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने पुख्ता सुबूत जुटा लिए हैं। पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़कर तिहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा कर सकती है। हरियाणा के सोनीपत निवासी तीनों युवक प्रदीप, रवि और अक्षय की कार गंगनहर में गिरकर मौत होने की पहेली से पर्दा उठ चुका है। क्राइम ब्रांच टीम व खतौली पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच पड़ताल में हत्याभियुक्तों के पकड़े जाने पर उनकी निशानदेही पर सबूत जुटाए हैं।
पता चला है कि इस गांव में कई हत्या हो चुकी है, जिसको लेकर गैंगवार छिड़ी हुई है। गैंगवार में ही तीनों युवकों की हत्या कर दी गई है। पुलिस सूत्रों और सोनीपत के गांव भैंसवाल कलां के ग्रामीणों की माने तो पता चला है कि इस गांव में पिछले कई सालों में हत्याएं होने का सिलसिला चल रहा है. जिसको लेकर गांव में गैंगवार छिड़ी हुई है। इसी गैंगवार में गांव भैंसवाल कलां के रहने वाले प्रदीप, रवि और अक्षय की हत्या कर दी गई।
सोनीपत की क्राइम ब्रांच टीम ने खतौली पुलिस को यह भी बताया है कि गंगनहर में कार गिरने से डूबकर मरने वाला अक्षय भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ट्रिपल हत्याकांड को लेकर कड़ी से कड़ी जोड़कर सनसनीखेज खुलासा कर सकती है। हालांकि इस हत्याकांड से जुड़े सभी मामले को लेकर पुलिस ने अभी तक कोई पुष्टि नहीं की है। पुलिस का सिर्फ इतना कहना है कि तीनों युवकों की हत्या करके शवों को कार सहित गंगनहर में धकेला गया।
सोनीपत के युवकों की हत्या में हो सकते हैं आठ हत्यारोपी शामिल
खतौली। सोनीपत के तिहरे हत्याकांड में आठ हत्याभियुक्तों काशामिल होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस के हत्यारोपियों के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी है। माना जा रहा है कि तीनों युवकों की हत्या करने के लिए पहले से ही साजिश रची गई होगी। सोनीपत के युवकों की हत्या करने में जिला मुजफ्फरनगर के बदमाशों के शामिल होने का भी अंदेशा है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक युवकों की हत्या करके शवों को ठिकाने लगाने के लिए जिला मुजफ्फरनगर का ही स्थान चुना गया। इसलिए माना जा रहा है कि मुजफ्फरनगर के बदमाश भी हत्या में शामिल हो सकते हैं। क्राइम ब्रांच व पुलिस ने मुजफ्फरनगर क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश भी दी है।