आसाराम के रसोइए अखिल गुप्ता के हत्या में सहयोग करने वाले आरोपी नीरज का नईमंडी कोतवाली पुलिस को 12 घंटे का रिमांड मिल गया है। पुलिस आरोपी को देवबंद जेल से लेकर आएगी और उससे हत्या से जुड़ी अहम जानकारियां, हथियार और बाइक आदि की बरामदगी की प्रयास करेगी।
आसाराम के मामले में अहम गवाह अखिल गुप्ता की वर्ष 2015 की 11 जनवरी को शहर के जानसठ रोड पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। अभी तक इस मामले में हत्यारोपी कार्तिक हलदार को गुजरात एसटीएफ ने और सहयोग करने वाले नीरज को देवबंद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। कार्तिक की तो कई बार पेशी टल चुकी है, लेकिन नई मंडी एसओ रोजंत त्यागी ने सीजेएम कोर्ट में नीरज को रिमांड पर लेने की अर्जी लगाई।
सीजेएम कोर्ट ने अर्जी पर सुनवाई करते हुए उन्हें शुक्रवार को नीरज का 12 घंटे का रिमांड दिया है। रिमांड सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक का है। शुक्रवार को नईमंडी कोतवाली पुलिस आरोपी को देवबंद जेल से लेकर आएगी और उससे घटना से संबंधित जानकारियां ली जाएंगी। घटनास्थल का दौरा किया जाएगा।
हथियार और बाइक आदि की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। बताते चलें कि आरोपी नीरज को गत माह देवबंद पुलिस ने मिरगपुर गांव से पकड़ा था। उसे पुलिस ने गाय चोरी के मामले में जेल भेजा था। सूचना मिलने पर नईमंडी कोतवाली पुलिस ने भी जेल में जाकर मीरापुर के कासमपुर खोला निवासी नीरज से पूछताछ की थी।
अखिल के हत्यारोपी का मददगार है नीरज
हाईप्रोफाइल मामले में आसाराम के खिलाफ दुष्कर्म मामले में अहम गवाह अखिल गुप्ता की हत्या के लिए साजिश रचे जाने के दौरान पूरा बंदोबस्त इसी नीरज से करने को कहा गया था। अहमदाबाद और सूरत में रची गई हत्या की साजिश के बाद नीरज को ही शहर में मकान, हथियार, बाइक और सिम आदि की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
गाजियाबाद के नंद आश्रम में किताबों की दुकान चलाने वाले आरोपी नीरज ने हत्या किए जाने के बाद अगजे दिन हत्यारोपियों को शहर से भगाने तक में सहयोग किया था। शातिर उसके बाद गायब होकर देवबंद के मिरगपुर में चारवाहा बनकर रह रहा था।