बदमाशों ने फोटोग्राफरों से हजारों की नगदी समेत कैमरे, जैकेट और जूते लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
रतनपुरी निवासी राहुल पुत्र किरणपाल फोटोग्राफरी का काम करता है। रविवार को राहुल अपने साथी गांव अंतवाड़ा निवासी सचिन पुत्र गणपत के साथ बाइक से क्षेत्र के गांव मंडावली खादर में धर्मपाल के बेटे की बारात में फोटोग्राफरी करने के लिए गए थे।
रविवार देर रात में बाइक से रतनपुरी लौट रहे थे। काली नदी पुल के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने टक्कर मारकर दोनों को गिरा दिया। इससे पहले दोनों संभलते बदमाशों ने दोनों को कब्जा लिया और तमंचों से आतंकित करते हुए आठ हजार रुपये, एक वीडियो कैमरा, एक फोटोग्राफरी कैमरा, तीन मोबाइल और पर्स लूट लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने फोटोग्राफरों की जैकट व जूते भी उतरवा लिए और लूटपाट करने के बाद बाइक पर बैठकर फरार हो गए। सूचना देने पर पुलिस ने रात में ही बदमाशों का तलाश किया, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका। पीड़ित राहुल ने पुलिस को लूट की तहरीर दे दी है।