पेट्रोल पंप पर जांच करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश के विभिन्न शहरों के पेट्रोल पंपों की मशीनों के पल्सर कार्ड में चिप लगाकर घटतौली करवाने वाले मामले में पुलिस को मास्टरमाइंड जौहर अब्बास समेत चारों आरोपियों का कस्टडी रिमांड मिल गया। एसीजेएम तृतीय ने पुलिस के प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए चारों का दो दिन का कस्टडी रिमांड मंजूर किया।
शहर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को इस हाई प्रोफाइल मामले का पर्दाफाश करते हुए किदवईनगर से चार आरोपियों को पकड़ा था। छापे के दौरान किदवईनगर का मास्टरमाइंड जौहर अब्बास समेत पेट्रोल पंप मशीन कंपनियों को तीन मेंटीनेंस इंजीनियर रायपुर नंगली निवासी अरुण, अगवानपुर मेरठ निवासी अजय और फतेहपुर सीकरी निवासी गजेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया था।
जौहर अब्बास ही मशीनों के पल्सर कार्ड में तेल की घटतौली करने वाली चिप को लगाता था। उसके पास से 27 अर्द्धनिर्मित पल्सर कार्ड, एक तैयार कार्ड और 8 रिमोट आदि सामान बरामद हुआ था।
शुक्रवार को पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने उन्हें कस्टडी रिमांड में लेने के लिए शनिवार को कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। सोमवार को एसीजेएम तृतीय पीयूष सिद्धार्थ ने पुलिस की अर्जी को स्वीकार करते हुए उक्त चारों का दो दिन का कस्टडी रिमांड मंजूर कर लिया। हालांकि पुलिस ने आठ दिन के कस्टडी रिमांड की मांग की थी।
मंगलवार सुबह आठ बजे पुलिस चारों को दो दिन के कस्टडी रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेंगी। शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पीपी सिंह ने बताया कि कस्टडी रिमांड के दौरान उक्त अभियुक्तों से पल्सर कार्ड में लगाए गए चिपों की बरामदगी करेंगी। उधर, पुलिस ने शनिवार को पांचवें आरोपी सर्वेश को भी जेल भेजा था। उसे भी कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई, जिस पर सुनवाई आज होगी।