युवक की हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कबूतरों को लेकर बच्चों के बीच हुए विवाद में ममेरे भाई ने चाकू से वार कर फुफेरे भाई की हत्या कर दी। हत्यारोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सीओ एसकेएस प्रताप ने लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली। घटना से दोनों पक्षों के बीच तनातनी व्याप्त है। तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मोहल्ला बुद्धबाजार निवासी शरीफ और सलीम आपस में रिश्तेदार हैं। पड़ोस में ही रहते हैं। रविवार की रात करीब 7.30 बजे कबूतरों को लेकर दोनों परिवारों के बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। शरीफ के पुत्र वाजिद ने सलीम के बेटे को थप्पड़ मार दिया। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर ममेरा भाई ओनू पुत्र सलीम घर के अंदर से चाकू निकाल कर बाहर निकला। ओनू ने बाहर आते ही अपने फुफेरे भाई वाजिद के सीने में चाकू घोंप दिया।
चाकू लगने से वाजिद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आरोपी ओनू मौके से फरार हो गया। परिजनों ने घायल अवस्था में वाजिद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने वाजिद को मृत घोषित कर दिया। वाजिद की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल में पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की सूचना पर सीओ एसकेएस प्रताप भी घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ ने घटना के बारे में मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी हो गई है। तनाव के मद्देनजर मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।