सिसौली कस्बे में शनिवार रात हुई ऋषिपाल की हत्या के मामले में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश जारी है। मृतक के बहनोई ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार दिन में शव के घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में मृतक का दाहसंस्कार किया गया।
सिसौली में शनिवार रात करीब सात बजे दुकान पर बैठे ऋषिपाल पुत्र भुल्लन की हत्या कर दी गई थी। वारदात में दुकानदार विपिन भी गोली लगने से घायल हो गया था, जिसका मेरठ में उपचार चल रहा है। वारदात के खुलासे को लेकर एसएसपी बबलू कुमार ने स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी गई। टीम ने हत्यारों की लॉकेशन लेने के लिए उनके मोबाइल फोन ट्रेस करने को मौके का बीटीएस कराया है। मृतक के बहनोई बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गांव बरवाला निवासी किरणपाल पुत्र कनक सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भौराकलां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रविवार दोपहर ऋषिपाल का शव पोस्टमार्टम के बाद कसबे में पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। घर के बाहर कस्बे के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। शव को शमशान घाट ले जाया गया जहां भतीजे सचिन में मुखाग्नि दी। अफसरों ने कस्बे में एहतियातन फोर्स तैनात कर दिया है। उधर, एसपी देहात विनीत भटनागर ने बताया कि प्रकाश में आए आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है, खुलासे को लेकर सर्विलासं की टीम भी लगाई गई है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।