शाहपुर। रंजिश के चलते सोमवार को गोयला गांव में बुजुर्ग की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरेराह वारदात को अंजाम देकर दो आरोपी भाग गए।
घटना के बाद परिजनों के साथ ग्रामीणों का हुजूम एकत्र हो गया। हत्यारोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।
इस दौरान पुलिस से लोगों की तीखी झड़प हुई। मौके पर पहुंचे एसएसपी केबी सिंह के आश्वासन पर लोग माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तहरीर पर दो लोगों को मुकदमे में नामजद किया गया है।
शाहपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत गोयला गांव है। यहां के निवासी वहीद (60) पुत्र बन्दा थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव इंचोड़ा कितास के बीच कृषि फार्म पर रहकर नौकरी करता था। सोमवार दुपहर करीब दो बजे वहीद मोबाइल का चार्जर ठीक कराने गांव की दुकान पर जा रहा था।
पीछे से आए दो लोगों ने आकर उसे घेर लिया। बुजुर्ग की कमर में सटाकर दो गोलियां मारकर फरार हो गए। कुछ कदम चलने के बाद वहीद चीखते हुए गिरा और दम तोड़ दिया। दहशत के चलते आसपास खड़े लोग बीच में आने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
सरेआम हत्या होने पर परिजनों के अलावा ग्रामीणों का जमघट लग गया। इस दौरान मय फोर्स मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अजयपाल गौतम को शव उठाने से रोक दिया गया। हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने और आला अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
इस पर सीओ बुढ़ाना एसपी शर्मा, सीओ खतौली डीके मितल पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। समझाने पर लोग हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने पर ही शव उठाने देने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस ने तीखी झड़प हुई।
सूचना पर एसएसपी केबी सिंह भी मौके पर पहुंच गए और पीड़ित परिवार से मामले की जानकारी ली। एसएसपी ने हत्यारोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया, इस पर लोग माने।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ऐहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक की पत्नी रशीदन की तरफ से तहरीर दी गई।
जिसमें कहा गया है कि 6-7 दिसंबर की रात को इंचौड़ा में राहुल की हत्या कर दी गई थी, जिसमें पुलिस कार्रवाई नहीं कराई गई थी, मगर पीड़ित पक्ष वहीद पर शक जता रहा था। इसी रंजिश में जितेंद्र और गौरव ने वहीद की हत्या की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गौरव और जितेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना
शाहपुर। हत्यारोपियों को पकडने के लिए अफसरों की तरफ से टीम बनाई गई हैं। आरोपियों के संभावित ठिकानों के अलावा बागपत, शामली, मेरठ में टीम भेजी गई हैं। मृतक वहीद अपने पीछे दो पुत्र और चार पुत्रियां छोड़ गया है। दोनों पुत्र और तीन लड़कियां शादीशुदा हैं। एक लड़की अविवाहित है।