भोपा क्षेत्र के गांव निवासी प्रेमी युगल ने उत्तराखंड के मंगलौर में जहर खाने के बाद नहर में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को नहर से बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। युवती के पिता ने भोपा थाने में युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने सोमवार को थाने में बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में भोपा निवासी युवक पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाया। पुलिस युवती और आरोपी युवक की तलाश में जुट गई। इसी बीच उत्तराखंड के मंगलौर कोतवाली से फोन पर भोपा पुलिस को बताया कि भोपा क्षेत्र की युवती ने प्रेमी संग नहर में कूदकर जान देने का प्रयास किया है।
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद होश में आने पर युवती ने अपने घर का पता पुलिस को बताया है। गंभीर हालत के चलते दोनों को देहरादून रेफर कर दिया है। सूचना मिलने पर भोपा पुलिस युवती के परिजनों को लेकर देहरादून पहुंची।
परिजनों ने युवती की पहचान अपनी अपहृत बेटी के रूप में की। कार्यवाहक थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि युवती के साथ जहर का सेवन कर नहर में छलांग लगाने वाला युवक भोपा का नहीं, बल्कि मंगलौर के लिब्बरहेड़ी गांव निवासी आसिफ हैै।
युवती की हालत कुछ ठीक है, जबकि आसिफ की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है। बताया गया है कि भोपा के जिस युवक को परिजनों ने नामजद किया था, उससे काफी दिन पहले युवती का प्रेम प्रसंग था। प्रेमी युगल के ठीक होने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।