मीरापुर/ जानसठ। रामराज पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जमालपुर नहर पुल के पास से मुठभेड़ में पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि बदमाशों की गोली से थानाध्यक्ष रामराज बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण बाल-बाल बचे। पकड़े गए पांचों बदमाशों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पकड़े गए बदमाश दिसंबर में रामराज में हुई लूट की घटना में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से पांच तमंचे, दो लूटी गई बाइक और मोबाइल आदि बरामद किए हैं।
सीओ जानसठ एसकेएस प्रताप ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि रामराज क्षेत्र में कुछ बदमाश लूटपाट करने की नीयत से घूम रहे हैं। इस सूचना पर रामराज एसओ आनंद प्रकाश मिश्रा और क्राइम ब्रांच के प्रवेश कुमार पुलिस टीम के साथ खादर क्षेत्र और नहर पटरी पर पहुंचे। इसी दौरान जमालपुर नहर पुल के पास दो बाइकों पर सवार पांच बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस ने इन बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास किया।
बदमाशों की एक गोली थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में धस गई, जिससे वे बाल-बाल बचे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पांचों बदमाशों को दबोच लिया। मुठभेड़ में जनपद मेरठ के परतापुर क्षेत्र के उपलेहड़ा निवासी एक बदमाश विकास पुत्र जितेंद की पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
विकास के साथ कौशेंद्र पुत्र सुभाष निवासी अलीपुर मोरना थाना हस्तिनापुर, आकाश पुत्र अशोक निवासी बुआड़ा कलां थाना खतौली, विश्वास पुत्र राजकुमार निवासी गगसौना थाना फलावदा, जितेंद्र पुत्र रघुराज निवासी दरियापुर थाना हस्तिनापुर को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से पांच तमंचे, काफी कारतूस, लूटी गई दो अपाचे बाइक, दो मोबाइल आदि सामान बरामद हुआ।
शिक्षा की राह छोड़ बन गए लुटेरे
मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाश शिक्षा के साथ-साथ लूटपाट करने में भी माहिर हो गए। एक बदमाश कौशलेंद्र दिल्ली पुलिस की फिजिकल परीक्षा पास कर चुका है, जबकि विकास नागर बीटेक कर रहा है। जितेंद्र बीए का छात्र है। विकास उर्फ गुड्डू इंटरमीडिएट पास कर चुका है। प्रकाश हाईस्कूल पास है। पढ़ाई के साथ-साथ अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए पांचों ने अपराध की दुनिया में कदम रखा। लूटपाट कर पांचों अपने शौक पूरे करते थे।
एजेंट से हुई लूट में चल रहे थे वांछित
सीओ ने बताया कि पांचों बदमाशों ने 26 दिसंबर को भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट अंकित से 68,932 रुपये, एक लैपटॉप, दो मोबाइल लूटे थे। इसी लूट के चलते इन पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा मेरठ, मवाना, हस्तिनापुर, खतौली आदि थानों में भी इन पर लूट के मामले दर्ज हैं। लूटा गया मोबाइल, टैबलेट और खतौली व मवाना से लूटी गई दो अपाचे बाइक समेत हजारों रुपये की नगदी बरामद हुई है।