गांव भूपखेड़ी में मारपीट को लेकर युवक ने म्हाड़ी पर पूजा करने जा रहे दुकानदार पर तमंचे से गोली चला दी। जिसमें दुकानदार बाल बाल बचा। गोली की आवाज से आसपास अफरातफरी मच गई। ग्रामीण लाठी और डंडे लेकर युवक की तरफ दौड़े तो, आरोपी युवक वहां से भाग खड़ा हुआ। इस गोली की घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
रतनपुरी के गांव भूपखेड़ी निवासी अनिल पुत्र किरणपाल गांव में अपने मकान में ही किराना की दुकान करता है। रविवार की रात करीब 8 बजे अनिल अपनी दुकान बंद करके खाना खाने के लिए घर के अंदर चला गया। इस दौरान दुकान पर गांव निवासी लोकेश पुत्र उदयराज व उसके दो अन्य साथी पहुंचे। दुकान बंदकर करने को लेकर लोकेश व उसके साथियों ने अनिल के साथ गाली गलौज कर दी।
इन युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट भी की। उस वक्त गांव के लोगों ने किसी तरह से दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था। सोमवार की सुबह करीब 5 बजे दुकानदार अनिल गांव में स्थित म्हाड़ी पर पूजा करने के लिए जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में लोकेश पहले से खड़ा था।
लोकेश ने तमंचे से अनिल पर गोली चला दी। इस बीच मौके पर पहुंचे ग्रामीण लाठी व डंडे लेकर आरोपी लोकेश के पीछे दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आते देखकर आरोपी लोकेश भाग निकला। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को आरोपी के विरुद्ध नामजद तहरीर दे दी है।