फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मढ़करीमपुर में जातीय संघर्ष, पथराव और फायरिंग

Fri, 24 Aug 2018 12:30 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
पुलिस को घटना की जानकारी देते पीड़ित पक्ष के लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
खतौली के गांव मढ़करीमपुर में गली में वैन खड़ी करने के विवाद के बाद गांव के दो वर्गों के बीच संघर्ष हो गया। मारपीट, पथराव और फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। हालात को काबू करने के लिए पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया। पुलिस ने लाठियां फटकार करके भीड़ को खदेड़ा। संघर्ष में महिला समेत कई लोग घायल हो गए।
विज्ञापन


पुलिस ने अपनी ओर से दोनों पक्षों से 15 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले को लेकर दलित समाज के लोगों ने एसएसपी दफ्तर पर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी सिटी ने सीओ खतौली से जांच कराने का आश्वासन देकर उनके गुस्से को शांत किया। इस घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है। 
     
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मढ़करीमपुर में बुधवार देर रात ठाकुर बेगराज सिंह के घर पर छठी का कार्यक्रम चल रहा था। दलित सतपाल के पुत्र अमित, रवि और सुमित ने रास्ते में वैन खड़ी कर दी। रास्ते से वैन हटाने को लेकर उनसे बेगराज की कहासुनी हो गई। इस दौरान बेगराज के प्रोग्राम में शामिल होकर घर लौट रहे एक युवक का सतपाल के पुत्रों से कंधा टकराने पर विवाद हो गया।
विज्ञापन


कहासुनी के बाद दोनों समाज के लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। पथराव में पड़ोसी जयभगवान के घर की सीमेंट की चादरें भी टूट गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इस पर भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया।

पुलिस ने लाठियां फटकार करके भीड़ को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रित किया। संघर्ष में एक पक्ष से सतपाल, उसकी पत्नी रमेशो, रवि व अमित और दूसरे पक्ष से शिवकुमार व रामभूज सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से रवि, अमित, शिवकुमार व रामभूल को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने अपनी ओर से दोनों पक्षों से 15 लोग शिवकुमार, लोकेश, श्रवण, राजू, रामभूल, गुल्लू, राहुल, कपिल, देवेंद्र, सतपाल, अमित, रवि, सुमित, अजीत, राहुल के विरुद्ध  संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
खतौली इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज ने बताया कि रास्ते में वैन खड़ी करने के विवाद में दोनों दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ। पुलिस पर भी हमला किया गया। पुलिस ने अपनी ओर से दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके चार आरोपियों को जेल भेज दिया है, बाकी की तलाश की जा रही है। गांव में फिलहाल शांति है , फिर भी एहतियातत पुलिस तैनात की गई है।      

मढ़करीमपुर बवाल को लेकर पुलिस ऑफिस पर हंगामा      
गांव मढ़करीमपुर में बुधवार रात ठाकुर व दलितों के बीच हुए संघर्ष के मामले में दलितों ने बृहस्पतिवार को पुलिस ऑफिस पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। एसपी सिटी से मिलकर दलित समुदाय ने खतौली कोतवाली के एक दरोगा पर भी गंभीर आरोप लगाए, जिस पर एसपी सिटी ने दरोगा की जमकर क्लास ली। एसपी सिटी ने मामले की जांच सीओ खतौली को सौंपी है।

खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मढ़करीमपुर में बुधवार देर रात गली में वैन खड़ी करने के मामूली विवाद में ठाकुर व दलित समाज के लोग आमने-सामने आ गए थे। संघर्ष व पथराव में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए थे, जिनमें पुलिस ने अपनी तरफ से एफआईआर दर्ज कर दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को जेल भेज दिया है। मामले में बृहस्पतिवार को दलित समाज के लोगों ने पुलिस ऑफिस पहुंचकर खतौली कोतवाली पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने के साथ ही एक दरोगा पर गंभीर आरोप लगाए।

एसपी सिटी ओमबीर सिंह से मिलकर दलित समाज के लोगों ने ठाकुर समाज के लोगों पर बिना वजह झगड़ा करने, पथराव-फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी सिटी ने मामले में खतौली कोतवाली पुलिस से पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद इंस्पेक्टर खतौली को फिलहाल शुक्रवार तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही एसपी सिटी ने मामले की जांच सीओ खतौली को सौंपते हुए उन्हें शुक्रवार को सबसे पहले मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल करने व दोनों पक्षों से बयान लेने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दलितों के साथ बदसलूकी करने वाले दरोगा को भी फोन कर एसपी सिटी ने उसकी जमकर क्लास लेते हुए सही तरीके से काम करते हुए गांव में दोनों पक्षों के बीच सद्भाव बनाने हेतु पंचायत करने अन्यथा विभागीय कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी।

गांव की गलियां सुनसान पड़ी, गांव में तनावपूर्ण शांति
खतौली। गांव मढ़करीमपुर में बुधवार की देर रात को ठाकुर व दलित समाज के लोगों के बीच हुए जातीय संघर्ष होने की गलियों में पड़ी ईंटें गवाही बयां कर रही है। बृहस्पतिवार की सुबह जिस किसी ग्रामीण ने गलियों में पड़ी ईंटों को देखा, उसका यही मानना था कि दोनों पक्षों में जमकर बवाल हुआ। इस घटना के बाद से दोनों पक्षों के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बुधवार की रात में बवाल शांत होने पर पुलिस बल हटा लिया गया था। गांव की गलियां सूनी पड़ी हैं। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

गांव में दलित सतपाल और ठाकुर समाज के बेगराज व अन्य युवकों के बीच मामूली बात को लेकर बवाल खड़ा हो गया था। बृहस्पतिवार की सुबह दोनों पक्ष एक दूसरे से संपर्क में आना तो दूर, आपस में बातचीत भी नहीं की। दोनों पक्षों के लोग अलग थलक से ही गांव में घूमते रहे। जिन गलियों में ठाकुर व दलित समाज के लोग रहते हैं, वे गलियां दिनभर सूनी पड़ी रही।

गांव में जिस तरह से प्रतिदिन गांव में लोग गलियों में एक दूसरे से बातचीत करते थे, वे लोग दिखाई तक नहीं दिए। पूछताछ करने पर एक दूसरे पक्ष पर ही झगड़ा करना बताया। गांव के अन्य समाज के लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो हालात बेकाबू हो सकते थे। पुलिस ने समय पर पहुंचकर हालात पर काबू कर लिया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति है।

पुलिस ने धरपकड़ के लिए दबिश दी
पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज ने बताया कि नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस जुटी हुई है।

गांव में रात के समय गश्त में रही पुलिस
गांव मढ़करीमपुर में जातीय संघर्ष होने के बाद से पुलिस बुधवार की रात में ही आरोपियों पर कार्रवाई करने में जुट गई थी। पुलिस पर दोनों पक्षों के लोग रातभर नेताओं से एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को दबाव बनाते रहे। पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम से गांव में गश्त करना शुरू कर दिया था। इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज ने बताया कि गांव में दोनों पक्षों में किसी तरह का कोई तनाव नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें