पुलिसकमियों का हाल जानने पहुंचे एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र के गांव ढिंढ़ावली में कुछ लोगों द्वारा पुलिस पर हमला कर सरकारी असलाह लूटने की घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। हमलावर फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस लगी है। पुलिस की प्राथमिकता लूटे गए दोनों पिस्टल बरामद करने की है। ग्रामीण भी पुलिस का कोई सहयोग नहीं कर रहे हैं।
देर रात घायल एसएसआई मेरठ और घायल सिपाही आदेश गाजियाबाद रेफर कर दिए गए। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी पक्ष सहित गांव के करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले रखा है। पूछताछ में पता चला है कि गांव के पास ही भौंराकला थानाक्षेत्र गांव कपूरगढ़ में आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों के यहां लूटी हुई पिस्टल छुपा रखी है। वहीं, सूत्रों के अनुसार लूटी गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
रविवार शाम को ढिंढ़ावली गांव में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हुए हमले और असलाह लूटने की घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई। गांव में पुलिस पर हमला होने की घटना के गांव में सन्नाटा परस गया। कोई भी ग्रामीण जानकारी नहीं दे रहा था। आरोपी पक्ष के घरों से पुरुषों के साथ महिलाएं भी गायब थीं। हालात ये थी की पुलिस को किसी तरह का कोई सहयोग नहीं मिल सका। पुलिस की प्राथमिकता लूटे गए सरकारी असलाह बरामद करना था।
पुलिस पर हमला कर असलाह लूट की खबर से हर ग्रामीण इस घटना की निंदा कर रहा है। गांव में बुढ़ाना सर्किल के थाना बुढ़ाना, रतनपुरी, फुगाना, भौराकलां सहित तितावी, मंसूरपुर की पुलिस के साथ भारी संख्या में पीएसी बल गांव पहुंचा।
एसडीएम बुढ़ाना, एसपी देहात विनीत भटनागर और बाद में डीएम के साथ एसएसपी भी गांव पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश पुलिस को दिए। पुलिस ने आरोपियों के मकानों पर दबिश देकर उनकी तलाश की, मगर घरों में कोई नहीं मिला। हालांकि पुलिस ने पहले ही 13 लोगों को पकड़ लिया था। देर रात तक पुलिस फरार बाकी हमलावरों की तलाश में जुटी थी। एसपी देहात विनीत भटनागर सहित अन्य पुलिस अधिकारी थाने में ही जमा थे। गांव के पुलिस बल तैनात है।