मुजफ्फरनगर। इज्जत की खातिर परिजनों ने बेटी की हत्या कर शव को दफना दिया। मृतका के पति की पहली पत्नी की ओर से सिविल लाइन पुलिस ने मृतका की मां-पिता और भाई के खिलाफ जहर देकर हत्या करने के मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेरनगर निवासी जैबून ने बताया कि उसके पति यासीन ने कुछ साल पहले बसेड़ा निवासी आबाद की बेटी सलमा के साथ लव मैरिज की थी। वह तथा सलमा अपने पति और बच्चों के साथ सूजडू स्थित निधि कालोनी में रह रहे थे। गत वर्ष उसके पति यासीन की ब्रेन हैमरेज के कारण मौत हो गई थी। जैबून ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं, जबकि सलमा के कोई बच्चा नहीं था। रिपोर्ट के अनुसार लव मैरिज करने के कारण सलमा से उसके पिता आबाद पुत्र वजीर अहमद, मां सायरा और भाई साकिब उससे नाराज थे। इसी कारण कई बार परिजनों ने सलमा को जान से मारने की धमकी दी थी।
पति की मौत के बाद भी वह तथा सलमा बच्चों सहित खुशी से एक साथ रह रहे थे। आरोप है कि 20 मार्च की रात को सलमा के परिजन यहां उसके घर आए और सलमा को जबरन कार में डाल कर अपहरण कर लिए गए। आरोप है कि बाद में परिजनों ने सलमा की जहर देकर हत्या कर दी और शव को बसेड़ा गांव में ले जाकर दफना दिया। उधर, सिविल लाइन इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि सलमा के परिजनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसडीएम से अनुमति लेकर शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।