पुरकाजी क्षेत्र के एक गांव में दलित किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान किशोरी के शरीर पर चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। किशोरी के पिता ने बेटी की रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि मामले की छानबीन अभी जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पुरकाजी कसबे के निकटवर्ती एक गांव में यह घटना हुई। गांव निवासी दलित श्रमिक के घर में तीन बेटियां और एक बेटा है, जबकि उसकी पत्नी एक वर्ष पूर्व मनमुटाव के चलते कही चली गई थी। दलित श्रमिक बुधवार को रेहड़ा चलाने के लिए कस्बे में आ गया था। घर पर चारों बच्चे थे।
दोपहर में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी 16 वर्षीया बड़ी बेटी की मौत हो गई। घर पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। बेटी की मौत की सूचना मिलने पर पीड़ित पिता घर पहुंचा। किशोरी की दाह संस्कार की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। आसपास की महिलाओं ने जब किशोरी को नहलाया, तो उसके शरीर पर अनेक जगहों पर चोट के निशान मिले। महिलाओं ने पीड़ित पिता और परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस पर पिता ने दाह संस्कार की प्रक्रिया रुकवा दी तथा पुलिस को सूचना दे दी।
जानकारी मिलने पर पुरकाजी इंस्पेक्टर विजय सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। किशोरी के पिता ने बेटी की रेप के बाद हत्या की आशंका जताई। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी भी मजदूरी करती थी। बताया कि पड़ोस की एक महिला उसे दो दिनों से मजदूरी पर लेकर पास के गांव में लेकर गई थी।
सोमवार शाम को बेटी लौटी तो वह ठीक थी, मगर मंगलवार शाम को जब बेटी घर आई तो वह कुछ विचलित थी। उसकी हालत भी ठीक नहीं थी। पूछने पर बेटी ने कुछ नहीं बताया था, मगर वह रो रही थी। बुधवार सुबह भी वह गुमसुम थी। पीड़िता पिता ने आरोप लगाया कि पड़ोस की महिला का आचरण भी ठीक नहीं है।
उसने आशंका जताई की बेटी की रेप के बाद हत्या हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि मृतका के पिता ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। उधर, किशोरी की मौत से पिता और छोटे भाई बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी महिला को हिरासत में लिया
पुरकाजी। बुधवार शाम को पुलिस ने पड़ोस की आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। बताया गया है कि आरोपी महिला काफी चर्चित है, जो विगत दिनों भी एक मामले में काफी चर्चाओं में रही थी।