जानसठ। रविवार को आबकारी विभाग व पुलिस की टीम ने कैंटर में बने तहखाने से सौ पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद की।
पकडे़ गए तीनों युवकों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने क्षेत्र में शराब मंगाने वालों के खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
पंचायत चुनाव के चलते जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह के आदेश पर आबकारी विभाग की टीम और पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
आबकारी निरीक्षक एके मिश्रा व दरोगा करण नागर ने खतौली-जानसठ मार्ग पर भलवा पुलिस चौकी के निकट कैंटर में अवैध रूप से लाई जा रही हरियाणा मार्का शराब की 100 पेटी पकड़ीं।
पुलिस के अनुसार कैंटर में तीन लोग सवार थे, जिनकी पहचान अमित पुत्र पूरनचंद, राहुल पुत्र ओमप्रकाश निवासी लोनी बोर्डर गाजियाबाद, रविंद्र पुत्र राजबीर निवासी गांव करनावल जिला मेरठ के रूप में की गई।
तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि कैंटर में शराब की 100 पेटी रखी हुई थीं।