नई मंडी कोतवाली के बाईपास पर ढाबे पर खाना खाने को लेकर ग्राहकों और मालिक में विवाद हो गया। ग्राहक ने अपने साथियों के साथ मिलकर ढाबे पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने ढाबे के मालिक से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी।
नईमंडी के बिलासपुर निवासी राशिद का बाईपास पर ढाबा है। बृहस्पतिवार रात के करीब साढे़ दस बजे कुछ युवक उसके ढाबे पर खाना खाने के लिए आए। किसी बात को लेकर उनका राशिद के भाई शाहनवाज से विवाद हो गया। बाद मेें आठ लोग इक्ट्ठा होकर लाइसेंसी पिस्टल और धारदार हथियारों से लैस होकर ढाबे पर आए और धावा बोलकर शाहनवाज से मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
शमीम ने फायरिंग की तो पीड़ित पक्ष ने भागकर जान बचाई। मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने आरोपी पक्ष के खालापार निवासी हाजी सलीम, तसलीम, शमीम, फईम, उमरदाराज, सम्सू और नेक मौहम्मद के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।