मुजफ्फरनगर के गांव भनवाड़ा में रास्ते में पशु बांधने के विवाद में एक पक्ष के लोगों ने महिला के ऊपर तेजाब उड़ेल दिया। झुलसी हुई हालत में महिला को बुढ़ाना सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सास और बहू को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने कहा कि मामले की छानबीन के बाद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
शनिवार को रतनपुरी के गांव भनवाड़ा निवासी जमील अपने भाइयों के साथ खेतों पर गया हुआ था। घर पर जमील की पत्नी हमशीरा अकेली थी। पड़ोसी भूरा ने रास्ते में अपनी भैंस बांध रखी थी, जिसका हमशीरा ने विरोध किया। इस मामले को लेकर भूरा की पत्नी के साथ हमशीरा की कहासुनी हो गई। बीच में भूरी की सास शबीला आ गई। महिलाओं के बीच काफी कहासुनी हुई। इस दौरान बाहर गए भूरा व उसके दोनों भाई हशरत व सरीकत भी आ गए। इन लोगों ने हमशीरा के साथ मारपीट की।
आरोप है कि भूरा की पत्नी भूरी अपने घर के अंदर से तेजाब लेकर आई और हमशीरा के ऊपर तेजाब फेंक दिया। तेजाब से महिला झुलस गई। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस ने झुलसी हालत में महिला को बुढ़ाना सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पीड़िता के पति जमील ने आरोपियों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी सास और बहू को हिरासत में ले लिया है। उधर, आरोपी भूरी का कहना है कि हमशीरा ने खुद अपने ऊपर तेजाब डाला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।