जानसठ।
नगर पंचायत सभासद और उनके परिवारीजनों सहित छह लोगों के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी वैभव कंसल उर्फ छोटू पुत्र संदीप कंसल ने कोतवाली में दी तहरीर देते हुए बताया कि वह बुधवार को अपने दोस्तों के साथ कार में पूर्व चेयरमैन यनेश तंवर के घर के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान घर के बाहर नगर पंचायत सभासद प्रवीण तंवर व उसके भाई बैठे हुए थे। आरोप है कि प्रवीण तंवर व उसके भाइयों ने कार में बैठे वैभव कंसल के ऊपर चाय फेंक दी। इसके बाद प्रवीण तंवर व उसके भाइयों और अन्य साथियों ने कार का पीछा किया और डाक बंगले के सामने वैभव कंसल व उसके दोस्त को मारपीट कर घायल कर दिया। झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। वैभव कंसल ने सभासद प्रवीण तंवर उसके भाई सहित छह लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर लिया है। निकाय चुनाव में वैभव कंसल सभासद का चुनाव प्रवीण तंवर के सामने लड़े थे, जिसमें प्रवीण तंवर एक वोट से चुनाव जीत गए थे, तभी से दोनों पक्षों में चुनाव को लेकर टकराव चल रहा है। प्रवीण तंवर का कहना है कि मारपीट करने का आरोप गलत है। सभासद की ओर से भी वैभव उसके साथियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। एसएसआई मनोज यादव ने बताया कि दोनों ओर से तहरीर आई है। वैभव कंसल की ओर से प्रवीण तंवर सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर दूसरी ओर से भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।