मोरना (मुजफ्फरनगर)। विवाह समारोह में खाना बनाने गए हलवाई का शव सड़क किनारे स्थित ट्यूबवेल पर पड़ा मिला। ककरौली के गांव टंढ़ेड़ा निवासी 50 वर्षीय मामचंद पुत्र छोटा नाई शादी व पार्टियों में खाना बनाने का कार्य करता है। मामचंद के परिजनों के अनुसार शुक्रवार को वह पड़ोस के गांव जड़वड़ में ज्ञानप्रकाश के यहां विवाह समारोह में खाना बनाने गया था। शनिवार सुबह गाव टंढ़ेड़ा व जड़वड़ मार्ग पर मामचंद के शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली। थाना ककरौली प्रभारी दिनेश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि मामचंद व अशोक तथा हरिसिंह पूर्व प्रधान ज्ञानप्रकाश के घर खाना बनाने के लिए गए थे। शुक्रवार शाम ज्ञानप्रकाश द्वारा अशोक व हरिसिंह को बाइक द्वारा गांव टंढ़ेड़ा छोड़ दिया था। नशे में धुत्त मामचंद साइकिल से टंढ़ेड़ा आ रहा था। रास्ते में अजब सिंह की ट्यूबवेल के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।