रतनपुरी/खतौली। बाबा वरदान फिलिंग स्टेशन के पास गन्नों से लदा ओवरलोड ट्रक पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया।
गांव समौली निवासी ट्रक चालक रविंद्र पुत्र चंद्रहास रतनपुरी के गन्ना तौल केंद्र से ट्रक में गन्ना भरकर खतौली शुगर मिल के लिए चला था। ट्रक में क्षमता से अधिक गन्ना भरा होने के कारण जैसे ही ट्रक गन्ना तौल केंद्र से निकलकर खतौली व बुढ़ाना मार्ग पर पहुंचा, तो ट्रक ओवरलोडिंग के कारण सड़क पर ही पलट गया। हादसे में ट्रक चालक रविंद्र घायल हो गया। गन्ना तौल केंद्र पर मौजूद ग्रामीणों और बाबा वरदान फिलिंग स्टेशन के कर्मचारियों ने चालक को ट्रक से बाहर निकाला। गौरतलब है कि रतनपुरी पुलिस ने ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। इसके बावजूद भी ट्रक और ट्रैक्टर चालक अपनी व अन्य लोगों की जान की परवाह किए बिना क्षमता से अधिक गन्ना भरकर खतौली मिल में ले जाने से नही चूक रहे हैं। रविवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान कई ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली के चालान किए थे।