लग्जरी कार से 31 पेटी शराब बरामद
मीरापुर। गांव खेड़ी सराय के जंगल में पुलिस ने लग्जरी कार से 31 पेटी अंग्रेजी शराब व पांच किलो डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
रविवार दोपहर के समय पुलिस टीम भूम्मा बस अड्डे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर गांव खेड़ी सराय से गांव भूम्मा जाने वाले नहर पटरी मार्ग पर घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद यहां पहुंची एक लग्जरी कार को शक के आधार पर रोका गया। कार सवारों ने भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने प्राइमरी स्कूल के निकट घेराबंदी कर कार को रुकवा लिया। इस दौरान कार दीवार से टकराने के चलते क्षतिग्रस्त भी हो गई। एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि कार सवार एक युवक तो मौके से फरार हो गया, जबकि चालक अमित निवासी नंगला अटोर थाना सिंहानी गेट गाजियाबाद को मौके पर ही पकड़ लिया गया। कार से पांच किलो डोडा पोस्त व 31 पेटी विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से फरार युवक की पहचान रूपेंद्र उर्फ बंटी निवासी मीनाक्षीपुरम गंगानगर मेरठ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पकड़े आरोपी को जेल भेज दिया गया है।