गोकशी की झूठी सूचना देने वाले की तलाश
खतौली। गोकशी की झूठी सूचना देने वाले की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस को बृहस्पतिवार करीब 10 बजे सूचना मिली की गांव खानजहांपुर में गोकशी की जा रही है। शिवसेना के कार्यकर्ता एकत्र होकर गांव में पहुंचे। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज भी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंच गए थे। पुलिस को गांव के बाहरी छोर पर एक मकान के पास एक बछिया मिली। बछिया बीमार थी ओर वह पैर छटपटा रही थी। उसके पैरों पर एक रस्सी भी पड़ी थी। पुलिस ने पड़ोसी मकान मालिक सूखा से पूछताछ की, तो उसने बताया कि सुबह उसने अपनी छत से नीचे देखा कि उसके मकान के बराबर में एक बछिया पड़ी हुई है। इसी भीड़ में से किसी ने पुलिस को गोकशी की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर सीओ डा. राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे। सीओ ने ग्रामीणों से गोकशी के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि बछिया कई दिनों से गांव में घूम रही थी। बछिया एक ग्रामीण के पशुओं के साथ चारा भी खाती थी। पुलिस की जांच पड़ताल में गोकशी की सूचना झूठी निकली। बछिया को शिवसैनिक राहुल ने पशु चिकित्सक से उपचार कराया।