याहियापुर में ग्राम सचिव की पिटाई
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव याहियापुर में ग्रामीणों ने ग्राम सचिव की पिटाई कर दी। सचिव ने आरोपी ग्रामीणों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।
सचिव सुखबीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि ग्रामीण दिनेश ने सूचना के अधिकार के तहत गांव में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी ग्राम सचिव से मांगी थी। सचिव सुखबीर बुधवार को गांव में प्रधान से मिलने के लिए गया। गांव में दिनेश ने सचिव को रोक कर मांगी गई जानकारी के बारे में पूछताछ की। सचिव ने बताया कि उसने दिनेश को बताया कि वे ब्लाक में आकर जानकारी देने के लिए कागजातों में आने वाले खर्च को जमा करा दें, इसके बाद विकास कार्यों की तमाम जानकारियों के रिकार्ड की छापा प्रतिलिपि उनको उपलब्ध करा दी जाएगी। आरोप है कि सचिव जब प्रधान से मिलकर उनके घर से निकला, तो दिनेश व उसके दो अन्य साथियों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट कर घायल कर दिया। इन ग्रामीणों ने सचिव को जान से मारने की भी धमकी दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।