मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव मुथरा निवासी अनिल कुमार ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। बुधवार शाम रेलवे स्टेशन के पास से तीन युवक रामलीला टिल्ला जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठे। आरोप है कि रास्ते में युवकों ने बातचीत करते हुए उसे विश्वास में ले लिया और कोई नशीला पदार्थ खिला दिया। थोड़ी देर बाद अनिल बेहोश हो गया और तीनों आरोपी उसको आबकारी रोड पर फेंककर ई-रिक्शा लूटकर फरार हो गए। बेहोश अनिल को किसी ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को होश में आने के बाद पीड़ित ने शहर कोतवाली में घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।