पुलिस ने चोर को गिरफ्तार किया
रतनपुरी/खतौली। रतनपुरी क्षेत्र के गांव नंगला निवासी उस्मान पुत्र शरीफ ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बुधवार की रात में जब वह परिवार के साथ अपने घर में सोया हुआ था। रात में तीन चोर उनके घर में घुस आए। घर के अंदर से चोर करीब तीन लाख रुपये की नगदी एवं सोने व चांदी के जेवरात चोरी कर भागने लगे। कदमों की आहट सुनकर परिवार के लोग जाग गए। परिजनों ने भागते चोरों का पीछा किया और उनमें से एक चोर को पकड़ लिया। पकड़े गए चोर की पहचान गांव के ही अब्दुल सलाम पुत्र अख्तर के रूप में हुई। उस्मान ने चोर को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए चोर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पकड़े गए चोर से उसके फरार दो अन्य साथियों के बारे में गहनता के साथ पूछताछ की। पुलिस ने उस्मान की तहरीर पर एक नामजद सहित दो अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस ने पकड़े गए चोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि पुलिस फरार दो अन्य चोरों की तलाश में जुटी है।