खतौली। सिपाही के हाथ में छुरा मारकर फरार होने वाले वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मोहल्ला लाल मोहम्मद निवासी शहजाद पुत्र तौफीक थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। कोर्ट ने उसके गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। 24 अगस्त को बाइक सवार दो सिपाही रुपक और मोनपाल मोहल्ला लाल मोहम्मद में पहुंचे। इन सिपाहियों को वांछित शहजाद गली में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर शहजाद भागने लगा। सिपाहियों ने बाइक से उसका पीछा किया तो वह अपने मकान में घुस गया। मकान में घुसकर सिपाही मोनपाल ने उसे पकड़ लिया। इस पर शहजाद सिपाही के हाथ में छुरा मारकर फरार हो गया था। घायल सिपाही मोनपाल ने शहजाद और उसके भाइयों जुनेद, शुहेब व भूरा के विरुद्ध धारा 307 का मुकदमा दर्ज कराया था। मंगलवार की सुबह रोडवेज बस अड्डे के पास से पुलिस ने बस में बैठकर भागने की फिराक में खड़े शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर छुरा भी बरामद कर लिया है। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।