मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने चार साल की मासूम बच्ची के साथ रेप का प्रयास करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट में जेल भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में बृहस्पतिवार को आरोपी ने मासूम के साथ रेप का प्रयास किया था। पीड़िता पिता ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित पिता की मोहल्ले में ही किराना की दुकान है। बृहस्पतिवार सुबह वह अपनी चार बरस की बेटी को लेकर दुकान खोलने गया था। दुकान खोलते समय पड़ोस में ड्राईक्लीन की दुकान करने वाला आरोपी सलमान पुत्र शहजाद बच्ची को बहला-फुसलाकर पास ही अपने मकान में ले गया। जहां पर उसने मासूम के साथ शर्मनाक हरकत की। मासूम के रोने की आवाज सुन कर परिजन वहां पहुंचे तो आरोपी मकान की छत से कूद कर फरार हो गया था। शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता पिता की ओर से रेप के प्रयास और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी सलमान को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घर में घुस कर चार बहनों से छेेड़छाड़
विरोध करने पर मारपीट, कपडे़ फाड़े
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के शाहबुद्दीनपुर रोड पर रहने वाले एक व्यक्ति के घर के घर में घुस कर तीन युवकों ने उसकी चार बेटियों के साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि विरोध करने पर युवतियों से मारपीट की गई तथा एक युवती के कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाने पर मोहल्ले वाले आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित पिता की ओर से तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पिता ने बताया कि दोपहर को परिजन बाहर गए थे। घर पर उसकी चार बेटियां थी। आरोप है कि मोहल्ले के तीन युवक बदनीयती से मकान में घुस आए और उसकी बेटियों के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की तथा इस दौरान एक बेटी के कपड़े भी फाड़ दिए। चारों बहनों ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग मकान की ओर आए, जिस पर आरोपी युवक उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।