मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के मोबाइल और अवैध असलाह बरामद किए। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने लूट की कई घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस लाइन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि खालापार चौकी के प्रभारी राकेश शर्मा टीम के साथ शहीद चौक खालापार में चेकिंग कर रहे थे। पुलिस ने दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली तो उनके पास से अवैध असलाह और मोबाइल बरामद हुए। पुलिस ने दोनों युवकों को दबोच लिया और उनके कब्जे से अवैध शस्त्र व मोबाइल बरामद कर लिए। दोनों ने अपने नाम मोनिश पुत्र इलियास निवासी दर्जी वाली गली और फरीद पुत्र जाहिद निवासी हलवाई वाली गली खालापार बताए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की कई घटनाओं का खुलासा किया है, जिनमें कोतवाली की दो घटना भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक बाइक, छह मोबाइल फोन बरामद किए।