मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में बंदियों को मोबाइल फोन देने जा रहे एक अधिवक्ता को जेल अधिकारियों ने पकड़ लिया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद हुए, जिन्हें उसने जूते के मोजे में छिपा रखा था। जेल अधिकारियों ने आरोपी को नई मंडी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया है। जेलर एके त्रिपाठी की ओर से उसके खिलाफ नईमंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सोमवार दोपहर बाद एक अधिवक्ता जिला कारागार में बंदियों से मिलने के लिए गया था। उसकी आईडी और मोबाइल फोन लेकर जेलकर्मियों ने उसे मुख्य गेट से अंदर कर लिया। इसके बाद दूसरे गेट पर जेल अधिकारियों ने उसकी तलाशी ली तो जूते के मोजे में छिपा कर रखे दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जेल अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि पकड़ा गया अधिवक्ता आमिर खान उर्फ आमिर त्यागी पुत्र याकूब खान शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव बसधाड़ा का निवासी है। वह जेल में बंद बंदी गुरमीत उर्फ बग्गा, श्रीकांत और आलिम को ये मोबाइल फोन देने जा रहा था। बरामद फोन में एक सैमसंग का एंड्रॉयड फोन और दूसरा माईक्रोमैक्स कंपनी का साधारण फोन है। पूछताछ के बाद आरोपी को नईमंडी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। जेलर एके त्रिपाठी की ओर से नईमंडी कोतवाली पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।