खतौली। तहसील खतौली से चोरी हुए 37 लैपटॉप का पता अब साइबर टीम लगाएगी। तहसील अधिकारियों ने टीम को लैपटॉप के ओडी नंबर सौंप दिए हैं। ओडी नंबर के जरिए चोरी के लैपटॉप में नेट चलाते ही पता चल जाएगा कि किस नाम के नंबर से चल रहा है। टीम जांच पड़ताल में जुट गई है।
तहसील के नजारत स्टोर से सरकारी 37 लैपटॉप चोरी कर लिए गए थे। चोरी की घटना का पता 26 जनवरी को पता चला था। लैपटॉप चोरी होने से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया था। आनन फानन में नाजिर अनिल कुमार की ओर से थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। कार्यवाहक एसडीएम कुमार धर्मेंद्र ने इसकी रिपोर्ट डीएम को भेज दी थी। अब जांच पड़ताल विभागीय स्तर पर भी होनी है। तहसीलदार अमित कुमार ने एसएसपी को पत्र भेजकर घटना खुलासा करने के लिए जांच साइबर टीम को सौंपने की मांग की थी। यह मामला लखनऊ में सीएम के प्रमुख सचिव तक भी पहुंच चुका है। अब इन 37 लैपटॉप का पता लगाने के लिए जांच साइबर सैल टीम को सौंप दी गई है। लैपटॉप के ओडी नंबर टीम को सौंपे जा चुके हैं।