मंसूरपुर। गांव खानुपुर निवासी रेहड़ा चालक मुकेश पुत्र ज्योति प्रसाद बुधवार सुबह करीब सात बजे रेहड़ा लेकर जा रहा था। हाइवे पर बस स्टैंड के पास मुजफ्फरनगर की ओर से तेजी से आ रही मारुति वैन ने रेहडे़ में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चालक मुकेश गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना पाकर घायल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। घायल को बेगराजपुर मेडिकल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सुभारती अस्पताल मेरठ रेफर कर दिया गया। गांव नावला निवासी वैन चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, अभी कोई रिपोर्ट नहीं लिखवाई गई है।