बारात लेकर आने पर दूल्हे को गोली मारने की धमकी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। बारात लेकर आने से पहले दूल्हे को किसी सिरफिरे ने मोबाइल फोन पर धमकी दी है। उसने धमकी दी है कि अगर वह बारात लेकर आया तो गोली मार दूंगा। धमकी से दोनों परिवार पूरी तरह से भयभीत हैं। लड़की पक्ष के लोगों ने पुलिस से मिलकर आरोपी को गिरफ्तार करने तथा सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन जारी है। आरोपी युवक को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की आठ मई को बारात आनी है। जिस गांव में लड़की का रिश्ता तय किया गया है। उस गांव में लड़के को अज्ञात युवक मोबाइल फोन पर लगातार इस बात की धमकी दे रहा है कि अगर व बारात लेकर आया तो गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी। कुछ दिन पूर्व दूल्हे के गांव में लड़की को बदनाम करने की नीयत से दीवारों पर पोस्टर तक चिपका दिए गए हैं। अज्ञात युवक द्वारा लगातार अलग-अलग मोबाइल फोन के नंबर से फोन करके गोली मारने तथा रिश्ता तोड़ने की धमकी दे रहा है। धमकी से दोनों परिवार के लोग भयभीत हैं। इस मामले में एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि जांच पड़ताल करने पर पता चला है कि हिरासत में लिए गए युवक के नाम व पता से सिम खरीदा गया है, जिससे लगातार धमकी दी जा रही थी। पुलिस अन्य मोबाइल नंबरों की भी जांच पड़ताल करने में जुट गई है। लड़की पक्ष के लोग बुधवार को थाने में इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज से मिले। इंस्पेक्टर ने धमकी देने वाले युवक को शीघ्र गिरफ्तार करने का उन्हें आश्वासन दिया है।