चौकी के पास बेहोश पड़ा मिला चालक
खतौली। बदमाशों ने चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी ई-रिक्शा लूट ली। परिजनों को चालक बेहोशी की हालत में जानसठ रोड स्थित पुलिस चौकी के पास पड़ा मिला।
गांव मोहद्दीनपुर निवासी चालक सुरेशचंद पुत्र केवल ई-रिक्शा चालक है। परिजनों के मुताबिक सुरेशचंद सोमवार की शाम को अपने गांव से सवारियां लेकर खतौली लेकर आया था। वापस शाम तक सुरेश चंद घर नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ लेकर सुरेश चंद को काफी जगह तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह परिजन सुरेश चंद को तलाश करते घूम रहे थे। परिजनों को सुरेश चंद बेहोशी की हालत में जानसठ रोड पर भूड़ पुलिस चौकी के पास पड़ा मिला। चालक को ई-रिक्शा नहीं मिली और जेब से 500 रुपयों की नगदी व मोबाइल भी नहीं मिला। परिजनों ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध चालक सुरेश चंद को नशीला पदार्थ खिलाकर रिक्शा, नगदी व मोबाइल लूटने की तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच प्रारंभ की है।