मुजफ्फरनगर। तितावी पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व बघरा से चोरी हुए चीनी लदे ट्रक को चेकिंग के दौरान लालूखेड़ी बस स्टैंड से बरामद कर लिया। चोरी के आरोपी को भी धर दबोचा। पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तितावी के बघरा से पांच दिसंबर को पांच सौ कट्टे चीनी से लदा दस टायरा ट्रक चोरी कर लिया गया था। सोमवार की रात लालूखेड़ी स्टैंड पर चेकिंग के दौरान चोरी किए गए ट्रक को बरामद करते हुए आरोपी वसीम पुत्र हारूण निवासी गांव निरमानी शाहपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक में लदी 436 कट्टे चीनी भी बरामद कर ली गई है, जबकि शेष 64 कट्टे चीनी के लिए आरोपी की निशानदेही पर रोहतक-जींद मार्ग पर दबिश दी गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया वसीम खतौली चीनी मिल में ट्रक में रस्से बांधने का काम करता है। उसने लाखों की चीनी के लालच में ट्रक चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।