मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र के मोहल्ला निवासी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी महिला ने अपने मकान मालिक आशीष उर्फ मिंटू पर साथी विक्की और एक अज्ञात के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि दुष्कर्म के बाद अश्लील क्लिप और फोटो खींचकर पीड़ित महिला से 50 हजार की रंगदारी वसूली गई थी। मामले में आशीष की पत्नी सुमन को भी आरोपी बनाया गया था। उक्त सभी आरोपी तभी से फरार चल रहे थे। मंगलवार रात एसएसआई समयपाल अत्री ने मुख्य आरोपी आशीष उर्फ मिंटू को शहर के सहारनपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।