अध्यापक से लाटरी के नाम पर पांच लाख ठगे
जानसठ। कॉलेज के अध्यापक से लाटरी के नाम पर साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी कर ली गई, जिस खाते में पैसे डलवाए गए थे, उस खाताधारक महिला से भी 15 लाख रुपए ठगों ने निकाल लिए थे।
डीएवी इंटर कालेज के अध्यापक राजेश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक माह पूर्व एक कंपनी द्वारा तीन लाख की लाटरी निकलने की सूचना दी गई और उनसे बैंक खाता नंबर पूछ कर पैसे भेजने के लिए कहा गया। तीन लाख रुपये का टैक्स साढ़े तीन हजार रुपये बताए गए तथा खाते में पैसा डालने को कहा गया। अध्यापक ने जब 35 हजार रुपये खाते में जमा कराए तो उन्होंने बताया कि आपके तो 26 लाख रुपये निकले हैं। आपको टैक्स के पांच लाख 30 हजार जमा करने होंगे। पीड़ित ने खाते में पैसे डाल दिए। जब पीड़ित के खाते में पैसा नहीं आया तो उसे ठगी करने का एहसास हुआ। इस पर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने जांच पड़ताल कर खाता संख्या के आधार पर पता किया कि खाता नंबर हल्द्वानी निवासी चित्रा रेतोला का है। पुलिस ने जब फोन कर ठगी करने की बात महिला से पूछी, तो वह घबरा गई। महिला ने अपने पुत्र को सारी बात बताई। महिला का पुत्र विदेश में नेवी में नौकरी करता है। रविवार को वह अपनी मां को लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व कुछ ठगों ने उसकी मां के एकाउंट में पड़े 15 लाख रुपये इसी तरह से ठग लिए थे और उसका एटीएम कार्ड भी ठग कर ले गए थे। महिला के पुत्र ने बताया कि उसकी मां की दिमागी हालत ठीक नहीं है। एसआई कर्मवीर सिंह ने अध्यापक को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
दो वारंटी जेल भेजे
जानसठ। पुलिस ने दो वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। एसएसआई मनोज कुमार यादव ने बताया कि गांव सोंहजनी निवासी जोगिंद्र पुत्र रवींद्र ट्रक चालक है। वह एक्सीडेंट के मामले में बुलंदशहर कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। कोर्ट ने उसके वारंट जारी कर दिए थे। वहीं, दूसरी ओर गांव काटका निवासी दिलशाद बिजली चोरी के एक मुकदमे में काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
किसान की पांच बीघा फसल जली
मंसूरपुर। गांव भलेड़ी निवासी ललित सैनी ने एसडीएम से शिकायत करते हुए बताया कि उसके खेत के ऊपर से जा रही हाईटेंशन विद्युत लाइन खेत से 10 फुट ऊंचाई से जा रही है। किसान द्वारा लाइन नीचे जाने की शिकायत कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों से कर चुके हैं। रविवार को 11 हजार की लाइन की चिंगारी गिरने से पीड़ित की पांच बीघा ईख की फसल जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित किसान ने विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने व मुआवजा दिलाने की मांग की है।