शहर के भगत सिंह रोड स्थित ज्वैलरी शॉप से बुर्कानशीं तीन महिलाओं ने सवा किलो सोने की ज्वैैलरी से भरा बॉक्स चोरी कर सनसनी फैला दी। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके चलते बुर्कानशीं महिलाओं की करतूत का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों छानबीन की, लेकिन महिलाओं का सुराग तक नहीं लग पाया। घटना को लेकर भाजपा नेताओं ने भी कोतवाली पहुंचकर घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए जल्द महिलाओं की गिरफ्तारी किए जाने की मांग की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी सुशील कुमार की भगत सिंह रोड पर घासमंडी चौराहे के पास जय शिव ज्वैलर्स नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर वे दुकान पर ही मौजूद थे। करीब 3.30 बजे बुर्कानशीं तीन महिलाएं दुकान में पहुंची और सोने की चेन दिखाने को कहा। काफी देर तक चेन आदि देखने के बाद वे बिना कुछ लिए ही चली गईं, जिसके बाद सुशील कुमार ने ज्वैलरी का डिब्बा काउंटर पर ही छोड़ दिया। इसके चंद मिनटों बाद ही दो-दो के ग्रुप में चार बुर्कानशीं महिलाएं दुकान में पहुंची और चांदी के जेवरात खरीदने की बात कही।
सुशील कुमार उन्हें चांदी के जेवरात दिखाने लगे, इसी दौरान मौका पाकर एक महिला ने काउंटर पर रखा स्वर्णाभूषणों का पूरा बॉक्स ही साफ करते हुए बगल में दबा लिया, जिसके बाद सभी महिलाएं वहां से रफूचक्कर हो गईं। महिलाओं के जाने के बाद सराफ को सोने की ज्वैलरी से भरे बॉक्स का ध्यान आया, जिसके बाद बॉक्स की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। इस पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई तो महिला को बॉक्स चोरी करते देख सराफ के होश उड़ गए।
तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर सीओ सिटी हरीश भदौरिया व इंस्पेक्टर अनिल कपरवान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज चेक करने के साथ ही महिलाओं की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। सूचना पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉक्टर संजीव बालियान व शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह से मोबाइल पर बात कर जल्द से जल्द वारदात के खुलासे की बात कही। उधर, बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं ने शहर कोतवाली पहुंचकर पीड़ित सर्राफ से घटना की तहरीर दिलाते हुए आरोपी महिलाओं की गिरफ्तारी कर चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की।
कटहरा मोचियान में भी इसी तर्ज पर हो चुकी है चोरी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के ही कटहरा मोचियान स्थित ज्वैलरी शॉप से भी इसी तर्ज पर सोने की चेन से भरे डिब्बे की चोरी बुर्कानशीं महिलाओं द्वारा की जा चुकी है। उस समय भी महिलाएं सराफ मनोज कुमार की दुकान से सोने की चेन से भरा डिब्बा चोरी कर ले गईं थीं। हालांकि कुछ समय बाद ही पुलिस ने उक्त महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन उनसे किसी तरह की रिकवरी नहीं हो पाई थी।