प्रेमी युगल की पिटाई प्रकरण में दंपति गिरफ्तार
खतौली। प्रेमी युगल की पिटाई प्रकरण में पुलिस ने नामजद युवती के पिता और मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की सुबह ग्रामीण ने अपनी बेटी को प्रेमी से मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए डांट दिया था। प्रेमी अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया था। प्रेमी ने प्रेमिका के पिता को डांटने से रोका था। इस पर युवती का पिता अपना आपा खो बैठा था। पिता ने ईंटों से अपनी बेटी और उसके प्रेमी के सिर में ताबड़तोड़ प्रहार करके बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। बीच बचाव में आए प्रेमी की मां व उसके चचेरे भाई को भी हमला करके घायल कर दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल युवक और युवती को मेरठ के हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। प्रेमी की मां ने युवती के पिता व मां सहित चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने नामजद आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस बाकी नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है।