मीरापुर में जहरीली शराब ने बरपाया कहर
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मीरापुर के मोहल्ला खटीकान में जहरीली शराब के कहर से लोग दहशत में हैं। शराब पीने से मरने वालों की संख्या दो हो गई है। शनिवार को हुई आदेश की मौत के बाद कृष्ण ने भी रविवार को दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शाम पांच बजे उसका शव मीरापुर लाया गया। रात में ही उसके शव के पोस्टमार्टम कराने की व्यवस्था की गई है। सहारनपुर से आबकारी उपायुक्त ने भी पहुंचकर मामले की जांच की। उधर, आदेश के शव का पोस्टमार्टम के बाद गंगा बैराज पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
शनिवार को मीरापुर के मोहल्ला खटीकान निवासी कृष्ण पुत्र चमन सिंह (35) और आदेश पुत्र चंदरु के अलावा एक अन्य ने जहरीली शराब पी थी। इस शराब के पीने से उनकी हालत बिगड गई। आदेश और कृष्ण को मेरठ के लिए रेफर किया गया, मगर रास्ते में ही आदेश की मौत हो गई थी। कृष्ण को गंभीर हालत में रात में मेरठ से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान कृष्ण की भी मौत हो गई। रविवार शाम करीब पांच बजे कृष्ण का शव घर लाने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने कृष्ण के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएम से अनुमति लेकर रात में ही पोस्टमार्टम कराने की व्यवस्था की गई है। उधर, रविवार को ही आदेश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में गंगा बैराज पर उसका अंतिम संस्कार किया।
उधर, जहरीली शराब पीने से मौत का शिकार बने कृष्ण अपने पीछे पत्नी तथा तीन छोटे बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है। वह राजमिस्त्री था। आदेश अविवाहित था और मेलों में सामान बेचकर जीवनयापन करता था। वह अपने पीछे वृद्धा मां व अन्य परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गया।
पुलिस और प्रशासनिक अफसर रहे तैनात
मीरापुर। दो लोगों की मौत की घटना के बाद कस्बे में पुलिस और प्रशासनिक अफसर डेरा डाले रहे। एसपी देहात आलोक शर्मा, एसडीएम खतौली इंद्रकांत शर्मा, सीओ जानसठ सोमेंद्र नेगी, तहसीलदार पुष्करनाथ चौधरी, लेखपाल राजीव लोचन, इंस्पेक्टर पंकज त्यागी, रामराज व ककरौली थानाध्यक्ष पुलिसबल के साथ मोहल्ले में सक्रिय रहे। मोहल्लेवासियों ने बताया कि कुछ लोग अवैध शराब के धंधे में लिप्त हैं। इन्हीं के द्वारा बेची जा रही शराब पीने से आदेश व कृष्ण की मौत हुई है।
नामजद एक आरोपी दबोचा
मीरापुर। जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत होने के मामले में मृतक आदेश के बडे़ भाई राकेश की ओर से मीरापुर थाने पर टिल्लू और उसके रिश्तेदार गूल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने रात भी उनके तलाश में दबिश दी, मगर कोई सफलता नहीं मिल सकी। रविवार देर शाम को पुलिस ने एक नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे की तलाश में दबिश डाली जा रही है।