जानसठ। गांव भलवा में ग्राम प्रधान के साथ युवक ने गाली गलौच कर दी। जिसको लेकर दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया। हमले में तीन लोग घायल हो गया।
गांव भलवा में शुक्रवार सुबह ग्राम प्रधान जितेंद्र की भाभी को खेत से लौटते समय गांव के ही युवक ने रोक लिया। युवक ने ग्राम प्रधान पर सरकारी अनुदान से शौचालय नहीं बनवाने को लेकर महिला से अभद्रता कर दी। ग्रामीणों ने युवक को समझा बुझाकर शांत कर दिया। कुछ देर बाद खेत से लौटते समय ग्राम प्रधान जितेंद्र कुमार के साथ युवक ने सरकारी शौचालय नहीं बनने को लेकर गाली गलौज की। प्रधान द्वारा समझाने के बाद भी युवक अभद्रता करता रहा। जिसको लेकर कुछ देर बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। हमले में सोनू व पंकज पुत्रगण कालूराम, सौरभ पुत्र रविंद्र घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। ग्राम प्रधान ने चार लोगों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा ने बताया कि सरकारी शौचालय बनवाने को लेकर आपस में विवाद हो गया था। हमले में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।